कार सवारों द्वारा सड़क पर फेंके गए नोट।
- फोटो : अमर उजाला
चरथावल में नोटबंदी से त्रस्त लोगों ने पुराने नोटों को नहर में बिखेरने का नया मामला सामने आया है। बोलेरो कार सवार युवकों ने थानाभवन मार्ग पर एक हजार के नोटों की गड्डी नहर में फेंकी, लेकिन नोटों की गड्डी नहर में न गिरकर सड़क पर गिरकर बिखर गई, तो नोट इकट्ठा करने वालों में आपाधापी मच गई। कई लोगों को मामूली चोटें भी आईं।
रविवार सुबह करीब 11 बजे कस्बे में थानाभवन मार्ग पर स्थित गंग नहर में बोलेरो सवार कुछ युवकों ने काफी संख्या में एक हजार के पुराने नोट नहर में डालने का प्रयास किया। नोट गिराने के बाद युवक तेजी से चंपत हो गए, लेकिन उनके द्वारा गिराए गए नोट नहर की बजाए सड़क पर गिर पड़े। यह नजारा देखकर आसपास रेहड़ी लगाने एवं काम करने वाले लोगों में नोट इकट्ठा करने की होड़ मच गई।
करीब एक दर्जन लोगों के हाथ एक हजार के कई कई नोट लग गए। नोट झपटने के चक्कर में कई लोगों को चोट भी आई। एक मजदूर के हत्थे आठ नोट लगे। उसने बताया कि करीब डेढ़ दर्जन लोगों के हत्थे एक हजार के नोट लगे हैं। एक साइकिल वाले को 14 नोट मिले। इस तरह नोट बिखेरना दिन भर चर्चा का विषय बना रहा।