पुरकाजी में दिल्ली-देहरादून नेशनल हाइवे-58 के पुरकाजी बाईपास पर हुए सड़क हादसे में हरियाणा के पानीपत निवासी दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन साथी घायल हो गए। सभी युवक गंगा स्नान के लिए पानीपत से हरिद्वार जा रहे थे। पुरकाजी में एक कैंटर उनकी कार को टक्कर मार कर फरार हो गया। एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरे ने मेरठ के रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
हरियाणा के पानीपत से राजू पुत्र रामफल (28), सोनू पुत्र राममेघ, अजय पुत्र रोहताश, राकेश और बिजेंद्र बुधवार रात कार से गंगा स्नान के लिए हरिद्वार जा रहे थे। रात्री करीब दो बजे वे पुरकाजी बाईपास पर गुप्ता रेस्टरोरेंट के निकट किसी काम के लिए रुके, तो इसी दौरान दौरान पीछे से आ रहे एक कैंटर ने कार में टक्कर मार दी।
जिससे कार के पास खड़े ग्राम मवाना जटाल पानीपत निवासी राजू की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में ग्राम सींक पानीपत निवासी सोनू गंभीर घायल। बाकी तीनों दोस्तों को भी हल्की चोट लगी। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी, मगर काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
जिस पर लोगों ने वहां जाम लगाने का प्रयास किया। जिसकी जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक और घायलों को पुरकाजी अस्पताल पहुंचाया। जहां से गंभीर हालत के चलते घायल सोनू को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
वहां पर भी हालत में सुधार न होने पर उसके साथी उसे मेरठ ले जा रहे थे, मगर रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मृतकों के परिजन भी पुरकाजी थाने पहुंच गए थे। पुलिस ने अजय की ओर से अज्ञात कैंटर चालक के खिलाफ दुर्घटना का मुकदमा दर्ज किया है। दुर्घटना के बाद चालक कैंटर लेकर फरार हो गया था। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बाइक फिसलने से युवक की मौत
नई मंडी के गांधी कालोनी में बाइक फिसलने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर घायल हो गए। बताया गया है कि गति तेज होने के कारण अचानक बाइक फिसली। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया। मृतक मूल रुप से बड़ौत का निवासी था। परिजन शव को लेकर बड़ौत चले गए।
नई मंडी कोतवाली की बचन सिंह कालोनी निवासी विक्रांत उर्फ मुन्ना पुत्र बब्बल बुधवार देर रात सरवट निवासी दोस्त अंकुर और गांधी कालोनी निवासी गौरव के साथ एक होटल पर खाना खाने गया था। होटल से तीनों दोस्त बाइक से लौट रहे थे।
गांधी कालोनी में सरवट फाटक के पास बाइक अनियंत्रित होकर फिसल कर एक दुकान से जा टकराई। हादसे में अंकुर और गौरव सड़क पर जा गिरे, जबकि मुन्ना का सिर दुकान की दीवार से जा टकराया। मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई। इसी दौरान अंकुर के मोबाइल फोन से उसके भाई मोंटी को हादसे की सूचना दी।
परिजन मौके पर पहुंचे और तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने मुन्ना को मृत घोषित कर दिया, जबकि अंकुर, गौरव की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी, मगर परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इंकार कर दिया।
मुन्ना मूल रुप से बड़ौत का निवासी था, जहां कई सालों से यहां बचन सिंह कालोनी में अपने मामा के पास रह कर पढ़ाई कर रहा था। वहीं, पुलिस ने बताया कि बाइक सवार युवक ने हेलमेट नहीं पहन रखा था।
उधर, रामपुर चौराहे के पास हुए सड़क हादसे में छपार के गांव परई निवासी वैभव पुत्र सिमरु और प्रदीप घायल हो गए। चरथावल के पास हुए सड़क हादसे में न्यामू निवासी मौहम्मद हारुण पुत्र नईम और अकलीम अली पुत्र शमशाद घायल हो गए। सभी घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।