बुखार से भोपा क्षेत्र में तीन लोगों की मौत
मुजफ्फरनगर, मोरना। कोरोना संक्रमण प्रसार के बीच बुखार का प्रकोप भी कहर ढा रहा है। सोमवार को ही भोपा क्षेत्र में अचानक आए बुखार से महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
भोपा क्षेत्र के गांव वजीराबाद निवासी हरेंद्र सिंह (40) कई दिन से बुखार से पीड़ित था। परिजनों के अनुसार हरेंद्र सिंह की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद उसे बेगराजपुर मेडिकल कालेज के कोविड हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। सोमवार सुबह कोविड हॉस्पिटल में हरेंद्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं, क्षेत्र के कस्बा भोकरहेड़ी निवासी व्यापारी अजय कुमार (48) भी कई दिन से बुखार से पीड़ित थे। परिजन जिला मुख्यालय स्थित हॉस्पिटल में उनका उपचार करा रहे थे, लेकिन सोमवार सुबह उपचार के दौरान अजय कुमार की मौत हो गई। इनके अलावा, तीर्थनगरी शुकतीर्थ निवासी मंजू (50) को भी पिछले एक सप्ताह से बुखार आया हुआ था। सोमवार सुबह अचानक उनकी हालत बिगड़ गई, जिन्हें परिजन मोरना के एक नर्सिंग होम ले गए। वहां डॉक्टर ने महिला को जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। एक ही दिन तीन मौतों के कारण क्षेत्र में दहशत का माहौल है।