बुढ़ाना के रसूलपुर दभेडी गांव में मृतक असद की फाईल फोटो।
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। क्षेत्र के रसूलपुर दभेड़ी गांव में ईंट भट्ठे की पथेर के गड्ढे में नहाने गए एक ही परिवार के तीन बच्चे डूब गए। हादसे के बाद सैकड़ों लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीण बच्चों को गड्ढे से निकालकर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मृतकों में दो सगे और एक चचेरा भाई है। गांव में गम का माहौल है। परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
बुढ़ाना कोतवाली क्षेत्र के गांव रसूलपुर दभेड़ी निवासी हुसैन का बेटा फैसल (6), असद (8) और फैजान (10) अपने चाचा आरिफ के बेटे अहसान (8) और अरमान (6) के साथ सोमवार दोपहर करीब एक बजे खेलते-खेलते गांव के बाहर जंगल में प्रवीण कुमार के भट्टे पर पथेर के गड्ढे में भरे बारिश के पानी में नहाने लगे। फैसल, असद और अहसान पानी में खेलते-खेलते गहरे पानी में गिर गए। जबकि फैजान और अरमान बाल-बाल बच गए।
हादसे के बाद फैजान और अरमान रोते हुए घर पहुंचे और परिजनों को हादसे की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने गढ्डे में कूदकर तीनों बच्चों को बाहर निकाला। अचेत अवस्था में तीनों को कस्बे के निजी चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया। जहां चिकित्सकों ने तीनों बच्चों को मृत घोषित कर दिया। तीन बच्चों की मौत से गांव में मातम पसर गया। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया।
बुढ़ाना के रसूलपुर दभेडी गांव में मृतक असद की फाईल फोटो।