एक्टिवा चोरी करने वाले गैंग के तीन सदस्य धरे
मुजफ्फरनगर। पीनना बाईपास पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीन युवकों को चोरी की तीन एक्टिवा के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर दो ओर एक्टिवा बरामद किए गए हैं। इनमें चार चोरी के और एक संदिग्ध है, जिसकी जांच की जा रही है। आरोपियों को रिपोर्ट दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
शहर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार सुबह पीनना बाईपास पर चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान तीन एक्टिवा पर आते तीन संदिग्ध युवकों को देखकर जांच के लिए रोका। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि संदेह होने पर तीनों युवकों के पास मौजूद एक्टिवा की जांच की गई तो वे चोरी की पाई गईं। इस पर तीनों को हिरासत में लेकर उनकी निशानदेही पर गांव पीनना में एक घर में खड़ी की गईं दो अन्य एक्टिवा भी बरामद की गईं। इंस्पेक्टर ने बताया कि बरामद एक्टिवा में से चार ट्रेस कर ली गईं हैं, जिन्हें शहर के दाल मंडी, भोपा पुल, नावल्टी चौक व बुलेटिन वाली गली से चोरी किया गया था। इन्हें नंबर प्लेट बदलकर चलाया जा रहा था। इंस्पेक्टर ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों में बालेंद्र उर्फ बाली, ब्रजपाल उर्फ बिरजू व मोहित उर्फ पांशू सभी निवासीगण गांव पीनना शामिल हैं। इंस्पेक्टर ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने चोरी के वाहनों को फर्जी नंबर प्लेट बदलकर कुछ दिन चलाने के बाद बेच देते थे। तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न थानों में कई-कई मुकदमे दर्ज हैं, जिन्हें पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।