हादसे के बाद क्षतिग्रस्त हुई बाइक।
- फोटो : अमर उजाला
अलग-अलग हुए सड़क हादसों में एक बच्चे सहित तीन की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। घटना के बाद से मृतक के परिवारों में कोहराम मचा है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी नाजिम ने तहरीर देकर बताया कि उसका भाई महताब शनिवार रात हाईवे के रथेड़ी बाईपास पर घर आने के लिए सड़क पार कर रहा था। इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार कर कुचल दिया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने लाश को मोर्चरी भेजकर परिजनों को हादसे की सूचना दी। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। उधर, शहर के मोहल्ला रामपुरी निवासी विकास शनिवार रात बाइक पर गांधी कॉलोनी से लौट रहा था। जैसे ही वह गांधी कॉलोनी पुल से नीचे उतरकर सिविल लाइंस थाने के सामने पहुंचा, अचानक सामने से आई तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में विकास गंभीर रूप से घायल हो गया, जिस पर दूसरी बाइक पर सवार तीन युवक बाइक वहीं छोड़कर फरार हो गए। छोड़ी गई बाइक को सिविल लाइंस थाना पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घायल विकास के भाई सुमित ने बाइक सवार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
उधर, बुढ़ाना में शाहपुर के गांव पलड़ी का रहने वाला सोनू (27) अपनी पत्नि कोमल (22) साली सोनल (19) व बेटा हैप्पी (4) को लेकर रविवार को बाइक द्वारा अपनी ससुराल परासौली जा रहा था। शाम करीब चार बजे बुढ़ाना-कांधला मार्ग पर मेपल्स स्कूल के पास उनकी बाइक सामने से आ रही रोडवेज बस से टकरा गई। घटना में चारों घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही यूपी 100 पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सीएचसी पर भर्ती करवाया।
सीएचसी पर चिकित्सकों ने सोनल और हैप्पी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस द्वारा पलड़ी व परासौली गांव में मिली सूचना पर परिवार वाले सीएचसी की तरफ दौड़ पड़े। गंभीर रूप से घायल सोनू व उसकी पत्नि कोमल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। पंचनामा भरने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। उधर, इंस्पेक्टर प्रभाकर कैंतुरा ने बताया कि रोडवेज बस के चालक को हिरासत में तथा बस को कब्जे में लिया गया है। घटना की तहरीर अभी प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।