कोरोना से तीन लोगों की मौत, 94 मरीज संक्रमित मिले
मुजफ्फरनगर। जिले में कोरोना का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को कोरोना संक्रमित तीन लोगों की मौत हो गई। 94 केस मिले हैं। जिला जेल में चार बंदी और संक्रमित मिले हैं। सिविल लाइन और चरथावल थाने के पुलिसकर्मी भी पॉजिटिव आए हैं। 75 मरीज ठीक हुए, फिर भी एक्टिव केस बढ़ कर 1135 हो गए हैं।
जिले में कोरोना का संक्रमण कम नहीं हो रहा है। मरने वालों की संख्या भी लगातार बढ़ रही है। सीएमओ डॉ प्रवीण कुमार चोपड़ा ने बताया कि मंगलवार को तीन मरीजों की कोविड अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई है। शेरनगर निवासी 75 साल के मरीज को कई दिन पहले भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। गांधी कॉलोनी निवासी 29 वर्षीय युवक की भी मृत्यु हो गई। गांधीनगर निवासी 70 साल के वृद्ध की भी मौत हो गई। वे आरएसएस के जिला कार्यवाह के बड़े भाई थे। सीएमओ ने बताया कि मंगलवार को 94 केस मिले हैं। जिला जेल के चार बंदी और पॉजिटिव आए हैं। सुजडू, मेघाखेड़ी, शांतिनगर, मोरना, भोपा, भंडूरा, छछरौली, सीएचसी जानसठ, मीरापुर, धमालपुर, बुढ़ीना कलां, तितावी शुगर मिल, सैदपुरा, थाना चरथावल व सिविल लाइन, कुटेसरा, बिरालसी, सिसौली, पलड़ी, एटूजेड कॉलोनी, अंबा विहार, आनंदपुरी में पांच, इंदिरा कालोनी, एनईपीसी जानसठ रोड, संतोष विहार में दो, मल्हूपुरा, बीएसए दफ्तर, पुलिस लाइन, पटेलनगर में तीन, नुमाइश कैंप, नई मंडी गऊशाला, मीनाक्षीपुरम, अबूपुरा, शिवपुरी, जसवंत पुरी, आदर्श कालोनी में दो, भरतिया कॉलोनी में दो, प्रेमपुरी आदि स्थानों पर मरीज मिले हैं। सीएमओ ने बताया कि मंगलवार को 75 मरीज ठीक हुए। अब तक 2337 मरीज ठीक हो चुके हैं। टोटल केस 3521 हो गए हैं, जिनमें एक्टिव केस बढ़ कर 1135 है।
मेडिकल स्टोर संचालक का निधन
मुजफ्फरनगर। गांधी कॉलोनी गली नंबर 13 निवासी मेडिकल स्टोर संचालक अजय पटपटिया का मंगलवार को नोएडा के एक अस्पताल में निधन हो गया। चार दिन पहले अजय के पिता राजेंद्र पटपटिया का निधन हो गया था। चार दिन के भीतर पिता-पुत्र की मौत होने से परिजनों पर गमों का पहाड़ टूट गया है। अजय के चचेरे भाई अमित पटपटिया ने बताया कि अजय कोरोना संक्रमित पाए गए थे, जिन्हें नोएडा के अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तीन बार की जांच रिपोर्ट नेगेटिव आने पर उन्होंने कोरोना पर विजय पा ली थी, मगर फेफडे़ में संक्रमण के कारण वो ठीक नहीं हो सके। मंगलवार को अचानक तबीयत बिगडऩे से उनका निधन हो गया।