जानसठ में भूमि विकास बैंक में नामांकन पत्र दाखिल करते भाजपा प्रत्याशी ब्रिजेश रस्तोगी।
- फोटो : KHATAULI
भाजपा सहित तीन प्रत्याशियों ने परचे भरे
मुजफ्फरनगर, बुढ़ाना। भूमि विकास बैंक के शाखा प्रतिनिधि के चुनाव के लिए चार नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। तीन प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र जमा किए। भाजपा प्रत्याशी के साथ विधायक उमेश मलिक ने नामांकन पत्र जमा करवाया। दूसरे प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी का नामांकन पत्र जमा करने में सपा और रालोद कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भूमि विकास बैंक के शाखा प्रतिनिधि के पद पर नामांकन पत्र जमा होते ही चुनावी बिगुल बज गया। बुधवार को सुबह करीब 10 बजे से आरंभ हुई चुनावी प्रक्रिया में चार नामांकन पत्रों की बिक्री हुई। निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार श्रीवास्तव व उपनिर्वाचन अधिकारी विकास कुमार पंवार ने बताया कि शाखा प्रतिनिधि के पद के लिए तीन नामांकन पत्र जमा किए गए। भाजपा द्वारा घोषित प्रत्याशी विनोद कुमार पुत्र दाताराम, निवासी अलीपुर अटेरना का नामांकन पत्र जमा करवाने में क्षेत्रीय विधायक उमेश मलिक, जिला पंचायत सदस्य व भाजपा के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। दूसरी ओर, भाजपा प्रत्याशी के प्रतिद्वंद्वी रणदीप पुत्र नेपाल सिंह निवासी ग्राम बिराल ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। रणदीप के साथ सपा व रालोद कार्यकर्ता नामांकन पत्र जमा करवाने में संयुक्त रूप से साथ रहे। तीसरा नामांकन पत्र रणदीप के भाई कुलदीप सिंह पुत्र नेपाल सिंह की ओर से जमा किया गया। चुनाव अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को नामांकन पत्रों की जांच व उनका प्रदर्शन कर दिया जाएगा। 28 अगस्त को नाम वापसी व चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा। एक सितंबर को 10 बजे से 4 बजे तक मतदान तथा 4 बजे के बाद मतगणना व विजयी प्रत्याशी की घोषणा कर दी जाएगी।
3849 सदस्य करेंगे मतदान
बुढ़ाना। भूमि विकास बैंक के शाखा प्रतिनिधि के चुनाव में 3849 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। बैंक के बकायादार मतदान में भाग लेने के अधिकारी नहीं हैं। वे मतदान से वंचित रहेंगे। उपचुनाव अधिकारी विकास पंवार ने बताया कि डबल नाम वाला सदस्य मतदान का प्रयोग नहीं कर सकेगा।