मुजफ्फरनगर, शाहपुर । गांव बसी कलां में दो दिन पूर्व विवाह समारोह में विवाद के दौरान चली गोली से दुल्हन पक्ष के व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी दूल्हा सहित तीन लोगों को गिरफ्तार किया हैं। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद किया है। गिरफ्तार तीनों आरोपियों का चालान कर दिया है।
गांव बसीकलां निवासी डॉ अफजाल की पुत्री की शादी गांव के ही इश्तकार से दो दिन पूर्व रविवार को होनी थी । बारात जाने वाले दिन दोनों पक्षों में किसी बात पर विवाद हो गया । कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई। दूल्हे ने तमंचे से गोली चलाई थी। उसका वीडियो वायरल हुआ था। झगडे के दौरान दुल्हन पक्ष के जफर खां की गोली लगने से मौत हो गई थी।
मृतक के भाई खलील ने गोली चलाने वाले दूल्हा इस्तेकार सहित छह लोगों को नामजद करते हुए मुकदमा दर्ज कराया था । पुलिस ने मुख्य आरोपी दूल्हा इश्तेकार, गुल्लू उर्फ गुल मोहम्मद व आशिक उर्फ आसिफ को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने मुख्य आरोपी दूल्हे के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि गुल्लू व आशिक पर घर में घुसकर मारपीट करने के साथ ही जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा कायम हुआ है । पुलिस ने तीनों का चालान कर दिया है। पुलिस ने अन्य आरोपियों की तलाश शुरू की है।