पुलिस ने चोरी की तीन घटनाओं के जेवर, 26 हजार की नकदी बरामद की
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने एक बाल अपचारी सहित तीन आरोपियों को चोरी के मामले में गिरफ्तार किया हैं। उनसे चोरी की तीन घटनाओं के जेवर व 26 हजार की नकदी बरामद हुई है। वहीं उनका एक साथी अभी फरार है।
सीओ सिटी व्योम बिंदल ने बताया कि पुलिस ने लद्धावाला निवासी मोहम्मद तारिक, ऑफ बड़ौदा बैंक वाली गली मिमलाना रोड निवासी शोएब व एक बाल अपचारी को शाहबुद्दीन रोड पर ईंट भट्टे के पास ट्यूबवेल से गिरफ्तार किया, उनका एक साथी शेरपुर निवासी आसिफ अभी फरार है।
गिरफ्तार आरोपियों से 26 हजार रुपये नकद, 28.64 ग्राम सोने व 219.23 ग्राम चांदी के जेवर बरामद किए गए। कुछ जेवर अभी बाकी बचा है, उसके बारे में फरार आरोपी आसिफ को जानकारी है।
आरोपियों ने पूछताछ में जानकारी दी कि चार दिन पहले उन्होंने रामलीला टील्ला क्षेत्र की हनुमान गढ़ी निवासी विनय शर्मा, कांवड़ यात्रा के दौरान दाल मंडी में मनोज अग्रवाल की दुकान से पंद्रह हजार रुपये व लद्धावाला निवासी देवेंद्री देवी के घर से नकदी व जेवर चोरी किए थे। चोरी करने में उनका साथी आसिफ भी साथ रहा था।
सीओ सिटी ने बताया कि तीनों दर्ज मुकदमों का खुलासा करते हुए मुकदमों में माल बरामदगी की धारा का इजाफा किया गया है। मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर दिया गया।