फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बात 15 लाख की, किसानों के खाते में डलवाए दो हजार

Sat, 09 Mar 2019 11:45 PM IST
Deepak Sharma मुजफ्फरनगर/अमर उजाला/ब्यूरो
विज्ञापन
meeting - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने सपा, बसपा और रालोद कार्यकर्ताओं के साथ जनसंवाद कार्यक्रम में मुजफ्फरनगर से लोकसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि गठबंधन प्रदेश में एकतरफा जीत हासिल करेगा। उपचुनाव में गठबंधन का ट्रायल सफल हो चुका है।
विज्ञापन


शहर के जानसठ रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में चौधरी अजित सिंह ने कहा कि प्रदेश में महागठबंधन बहुत पहले बन चुका था। औपचारिक घोषणा की कुछ दिन पहले हुई है। कैराना, गोरखपुर और फूलपुर के चुनाव में गठबंधन का ट्रायल सफल हो चुका है। लोकसभा चुनाव में यूपी में महागठबंधन को बड़ी सफलता मिलेगी।

प्रजातंत्र में पांच साल में जनता को मौका मिलता है। मोदी केवल 31 प्रतिशत वोट पाकर देश के प्रधानमंत्री बन बैठे हैं। देश की 69 प्रतिशत जनता उनके खिलाफ है। मोदी ने देश के लोगों को केवल सपने दिखाने का काम किया है। लोग कहते हैं कि मोदी झूठ बोलते हैं, मैं कहता हूं कि मोदी सच नहीं बोलते हैं। 15 लाख की बात करते थे, किसान के खाते में दो हजार डलवा रहे हैं। मोदी पराक्रमी सेना की कार्रवाई पर अपनी छाती ठोक रहे हैं। पीएम कहते हैं फकीर हूं, दिन में तीन बार कपड़े बदलते हैं। इस बार तो गाय की हाय ही इन्हें खा जाएगी। मोदी कहते हैं कि मुझे हराने के लिए गठबंधन किया गया है, गठबंधन तो होता ही हराने के लिए है। भाजपा सरकारों में भ्रष्टाचार बढ़ा है।
विज्ञापन


उन्होंने सवाल उठाया कि     विपक्षी पार्टियों के पास तो दिल्ली में भी अपने कार्यालय नहीं है, भाजपा ने पूरे देश में सभी जिलों में होटलों जैसे आलीशान कार्यालय कहां से बना लिए हैं। भाजपा को हम मुजफ्फरनगर में ही हराना चाहते हैं। यहां पहले फेज में चुनाव होने की संभावना है, यहां का मेसेज पूरे देश में जाएगा। उन्होंने गठबंधन के नेताओं से कहा कि वह रिकार्ड जीत दिलाने के लिए कार्य करें। बसपा नेता पूर्व सांसद      कादिर राना ने कहा कि मुकाबले को आसान न समझे बहुत बड़ी लड़ाई है। चौधरी अजित सिंह ने खाई में आकर कूदने का काम किया है।

इससे दोनों समाजों के बीच बनी खाई भरेगी। सपा जिलाध्यक्ष गौरव स्वरूप, बसपा जिलाध्यक्ष सतपाल, बसपा के पूर्व विधायक अनिल कुमार, राम निवास पाल, सपा पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद त्यागी, सतेंद्र सैनी, मुफ्ती जुल्फिकार, पूर्व मंत्री उमाकिरण, मुकेश चौधरी, पूर्व विधायक मिथलेश पाल, सत्यवीर प्रजापति, रालोद नेता पूर्व मंत्री धर्मवीर बालियान, योगराज सिंह, पूर्व विधायक मुश्ताक चौधरी, नवाजिश आलम, पूर्व सांसद अमीर आलम खान, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष तरसपाल मलिक, रमा नागर, राष्ट्रीय सचिव ब्रहमसिंह बालियान, सुधीर भारतीय, कंवरपाल फौजी, अभिषेक चौधरी, विदित मलिक, पराग चौधरी आदि मौजूद रहे। संचालन रालोद जिलाध्यक्ष अजीत राठी ने किया।

जिले को दिलाएंगे पहचान
मुजफ्फरनगर। रालोद अध्यक्ष चौधरी अजित सिंह ने अपने भाषण का फोकस मुजफ्फरनगर पर रखा। उन्होंने कहा कि इस जिले की पहचान पूरे देश में नंबर एक पर प्रति व्यक्ति आय होने, सबसे ज्यादा ट्रैक्टर होने और लोहे की फैक्ट्रियां होने के कारण रही है। दंगे के बाद यह बर्बादी के कगार पर पहुंच गया। जिस जिले में 1947, 1992 में भी दंगा नहीं हुआ, उसमें 2013 में दंगा हो गया। अब आगे ऐसा नहीं होने देंगे। जिले को उसकी पहचान वापस दिलाऊंगा।
मेरे दरवाजे पर पुलिस का पहरा नहीं
मुजफ्फरनगर। चौधरी अजित सिंह ने कहा कि दिल्ली में उनके आवास पर कभी पुलिस का पहरा नहीं रहा है। मेरे घर आने के बाद मुझसे मिलने के लिए किसी संघर्ष की जरूरत नहीं पड़ेगी। जो जब चाहे उनसे मिलने दिल्ली आ सकता है। अजित सिंह ने जनता में चल रही उस चर्चा का खंडन किया कि घर पर मिलने के लिए बाधाओं का सामना करना पड़ेगा।
...और गुस्से में खड़े हो गए चौधरी अजित सिंह
मुजफ्फरनगर। कार्यक्रम के दौरान अजित सिंह के चारों ओर काफी भीड़ एकत्र हो गई। जब धमकाने के बाद भी लोग नहीं माने तो अजित सिंह को गुस्सा आ गया और कुछ लोगों को धक्का देकर उन्होंने पीछे हटाया। इसके बाद रालोद कार्यकर्ताओं ने भीड़ को पीछे धकेला।
विज्ञापन


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें