जिला पंचायत कार्यालय पर लगी लोगों की भीड़।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
नो ड्यूज को लेने वालों ने नहीं किया डिस्टेंस का पालन
मुजफ्फरनगर। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ताल ठोकने वालों को जिला पंचायत का नो ड्यूज जरूरी है। इसी के चलते जिला पंचायत में सुबह आठ बजे से रात्रि आठ बजे तक भारी भीड़ रही। भीड़ में यहां सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती नजर आई। एक नो ड्यूज का यहां सरकारी फीस के रूप में 100 रुपये जमा कराया जा रहा है।
जिला पंचायत में नो ड्यूज को लेकर अधिक भीड़ बढ़ जाने के चलते सोमवार को सात काउंटर लगाए गए थे। हालत यह रही कि कर्मचारी निर्धारित समय में कार्य पूरा नहीं कर सके। रात आठ बजे तक नो ड्यूज बनाने का कार्य चला। जिला पंचायत में सुबह आठ बजे से ही भीड़ एकत्र होनी शुरू हो गई थी। दस बजे कार्यालय खुले थे। हर खिड़की पर सैकड़ों की भीड़ थी। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में कोई भी चुनाव लड़ने वाले प्रत्येक व्यक्ति के लिए जिला पंचायत का नो ड्यूज जरूरी है। सोमवार को इतनी भीड़ रही कि यहां सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ती नजर आई। ग्रामीण अंचल से आए लोगों को शाम तक लाइन में लगे रहना पड़ा।