चरथावल। कसौली गांव में पंचायत में विचार रखते स्वामी यशवीर: स्वयं
चरथावल(मुजफ्फरनगर)। कसौली गांव में स्वामी यशवीर ने कहा धर्मांतरण कराने वालों की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए। इस धंधे में लिप्त लोगों का नेटवर्क कई जिलों तक फैला है। उधर, गांव में इस धंधे पर अंकुश लगाने के लिए 31 लोगों की कमेटी गठित की गई।
बुधवार को गांव में स्वामी यशवीर के संयोजन में एक हिंदू समाज की सभा हुई। स्वामी ने कहा इस गांव की महिला और उसके भांजे के धर्मांतरण के मामले में पुलिस दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। लेकिन हिंदू महिला धर्मांतरण करने की बात से इन्कार कर रही है।
स्वामी का आरोप है षडयंत्र के तहत यह बात सामने आ रही है। यह प्रवृति सनातन धर्म के लिए गंभीर खतरा है। प्रदेश सरकार को इसकी रोकथाम के लिए कठोर कदम उठाने चाहिए, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों का धर्म परिवर्तन नहीं हो सके।
निर्णय हुआ कि वांछित आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने पर जल्द ही गांव में महापंचायत होगी। कमेटी धर्म परिवर्तन कराने वाले आरोपियों की बस्ती की निगरानी रखेगी। समस्या का निदान होने तक उनका आर्थिक और सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। गौरव, रामधन, शिवम, विनेश पाल, विजय पाल, चंद्रबोस, राहुल, मोहन, लोकेश शर्मा, धर्मेंद्र आदि मौजूद रहे।