ब्रह्मलीन स्वामी ज्ञान भिक्षुक दास महाराज की पुण्यतिथि के दूसरे दिन उमड़े अनुयायी
सतगुरु समनदास की प्रतिमा का किया गया पूजन, भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। तीर्थ नगरी शुकतीर्थ में अखिल भारतीय संत शिरोमणि रविदास सतगुरु समनदास मिशन की ओर से ब्रह्मलीन स्वामी ज्ञान भिक्षुक दास महाराज की पुण्यतिथि में सतगुरु समनदास की प्रतिमा का पूजन किया गया। संयोजक प्रबंधक महात्मा गोरधन दास महाराज ने कहा कि गुरु की कृपा के बिना जीवन का उद्धार नहीं होता।
संयोजक प्रबंधक महात्मा गोरधन दास महाराज ने संयुक्त रूप ब्रह्मलीन सतगुरु समनदास महाराज की प्रतिमा का पूजन किया। कहा कि हमेशा गुरु के चरणों में रहें। सतगुरु की बंदगी करें। धर्म और राष्ट्र के प्रति वफादार रहें। बेटा- बेटियों को शिक्षित करें। उन्नति के लिए शिक्षा अहम हथियार है। माता पिता और गुरु कि सेवा ही हमारा धर्म है। सतगुरु समनदास महाराज ने हमेशा समाज, गरीबों की भलाई के लिए जीवन समर्पित किया। उनका त्याग हमारे ऊपर ऋण हैं।
कार्यक्रम का संचालन शिष्य संदीप दास महाराज ने किया। इस मौके पर पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली आदि राज्यों से आए बाबा के हजारों अनुयायियों ने भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया। सत्संग में सतगुरु रविदास आश्रम कोड़ा नारायणगढ़ के प्रबंधक महात्मा राजकुमार दास ब्रह्मचारी, गुरु सेवक संदीप दास, परमाल सिंह, महात्मा नत्था दास, महात्मा अजय दास एसडी गौतम, संजय रवि, राजकुमार प्रधान आदि ने सतगुरु की बंदगी की।