भोपा रोड पर सेनेटरी की दुकान में चोरी के बाद बिखरा सामान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर। सपा के पूर्व मंत्री महेश गोयल के साले विनय गोयल की भोपा रोड स्थित सेनेटरी की दुकान से कई लाख का माल व डीवीआर चोरी कर लिया गया। नई मंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
शांतिनगर निवासी विनय गोयल की भोपा रोड पर लीडर टाइल्स एंड सेनेटरी के नाम से दुकान है। बृहस्पतिवार रात में वह दुकान बंद कर घर गए थे। शुक्रवार सुबह जब दुकान पर पहुंचे तो दुकान के अंदर देखकर वह परेशान हो उठे। क्योंकि दुकान के अंदर से सामान चोरी कर लिया गया था। चोर वहां से सबमर्सिबल पंप, पीतल की टंकी सहित कई लाख का माल चोरी कर ले गए थे। सूचना पर मंडी पुलिस ने मौका मुआयना किया। बताया गया कि चोर दुकान के बराबर गाड़ी धोने वाले डक की छत से दुकान की छत पर पहुंचे और ममटी का स्लेप तोड़कर दुकान में घुसे। दुकान मालिक विनय गोयल ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए लगभग ग्यारह लाख का नुकसान बताया है। मंडी सीओ हिमांशु गौरव का कहना है कि पुलिस कार्रवाई में जुटी है।