किसान के घर के ताले तोड़कर नकदी-जेवरात चोरी
मुजफ्फरनगर। अलमासपुर स्थित सैनिक विहार निवासी किसान के घर के ताले तोड़कर चोरों ने हजारों की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात व अन्य सामान चोरी कर लिया। पीड़ित परिजन घर को ताले लगाकर गांव मलपुरा गए थे, जहां से मंगलवार तड़के लौटने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। वहीं, किसान के घर से कुछ दूरी पर स्थित खोखे के भी ताले तोड़कर कीमती सामान चोरी कर लिया गया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव अलमासपुर में सैनिक विहार निवासी प्रयागलाल पेशे से किसान हैं, जो मूल रूप से भोपा क्षेत्र के गांव मलपुरा निवासी हैं और वहीं खेती करते हैं। कुछ समय से वे परिवार के साथ शहर के सैनिक विहार में भी रह रहे थे। पीड़ित प्रयाग लाल ने नई मंडी थाने में तहरीर देकर बताया कि सोमवार सुबह वे घर को ताला लगाकर मलपुरा गए थे। मंगलवार तड़के करीब चार बजे पीड़ित परिवार मलपुरा से लौटा तो घर के मेन गेट के ताले टूटे मिले। प्रयागलाल का कहना है कि घर के अंदर जाने पर सभी सामान बिखरा मिली और अलमारियों के भी ताले टूटे मिले। पीड़ित के अनुसार चोर उनके घर से करीब 14 हजार की नकदी, सोने चांदी के जेवरात और अन्य कीमती सामान ले उड़े। पीड़ित के अनुसार उनके घर से कुछ ही दूरी पर एक पान का खोखा रखा हुआ है। चोरों ने उक्त खोखे में भी ताले तोड़कर करीब 15 हजार रुपये का पान-बीड़ी, गुटखा और अन्य सामान व गल्ले में रखे करीब दो हजार रुपये चोरी कर लिए गए। पुलिस ने दोनों मामलों में पीड़ित की तहरीर पर ही रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।