जानसठ। जानसठ से खतौली मार्ग के गांव भलवा के सामने गांव बसायच को जाने वाले रास्ते पर मुठभेड़ में गोली लगने से चोरी का आरोपी 10 हजार रुपये का इनामी घायल हो गया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर अस्पताल में भर्ती कराया।
सीओ यतेंद्र नागर ने बताया कि शुक्रवार देर रात पुलिस जानसठ से खतौली मार्ग पर गांव सादपुर के पास शराब के ठेके के सामने चेकिंग कर रही थी। तभी सूचना मिली कि गांव बसायच को जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध युवक खड़ा है। वह 16 नवंबर की रात गांव तालड़ा के निर्माणाधीन पंचायतघर से चोरी की गई बैटरियों को लेकर कहीं बेचने के लिए जाने वाला हैं। पुलिस ने उसको घेर लिया तो वह गांव बसायच की ओर भागने लगा। पीछा करने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पूछताछ में घायल ने अपना नाम नईम, निवासी गांव खेड़ी फिरोजाबाद तथा हाल निवासी मोहल्ला सत्ती, थाना सिविल लाइन रुड़की, जनपद हरिद्वार उत्तराखंड बताया है। सीओ ने बताया कि उस पर 10 हजार रूपये का इनाम है। उसके पास से चोरी का एक बैटरा तमंचा व कारतूस बरामद हुआ है। आरोपी के खिलाफ पूर्व में थाना जानसठ, मीरापुर, ककरौली, छपार, सिखेड़ा में लगभग दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।