शादी से बचने को खुद लापता हुआ था युवक
मुजफ्फरनगर। नई मंडी के गांव शेरनगर निवासी युवक भोला उर्फ आशु शादी से बचने के लिए खुद लापता हो गया था। परिजनों ने उसके अपहरण की आशंका जताई, जिस पर पुलिस ने युवक को मेरठ से बरामद कर लिया।
शेरनगर निवासी भोला बृहस्पतिवार को अपनी मैक्स गाड़ी लेकर तेल भरवाने की बात कह कर घर से गया था, मगर रात तक नहीं पहुंचा। गांव के बाहर जंगल में उसकी गाड़ी खड़ी मिली। परिजनों ने अपहरण की आशंका जताई। जांच के बाद पुलिस ने उसे मेरठ से बरामद कर लिया। इंस्पेक्टर नई मंडी दीपक चतुर्वेदी ने बताया कि भोला की शादी तय है तथा इसी माह उसकी शादी होनी है। लड़की उससे करीब चार साल बड़ी है, इसलिए वह शादी नहीं करना चाहता। वह खुद ही चला गया था, पुलिस ने मेरठ से बरामद कर लिया।