युवक ने रचा अपने अपहरण का नाटक
मुजफ्फरनगर। एक युवक ने अपने ही अपहरण का नाटक रच दिया। वह पत्नी और परिजनों से छुटकारा पाना चाहता था। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में लेकर मामले का पटाक्षेप कर दिया।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चांदपुर निवासी राहुल पुत्र सूरामल ने पुलिस को सूचना दी थी कि उसका भाई संदीप जानसठ रोड स्थित एक पेपर मिल में काम करता है। उसका फोन आया है कि कुछ लोगों ने उस पर चाकू व लाठी-डंडों से हमला कर घायल कर दिया है तथा वह उसका पीछा कर रहे हैं और वह एक खेत में छिप गया है। इस सूचना पर राहुल व उसके परिजन बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां पर जानसठ रोड से जाने वाली एक चकरोड पर करीब 100 मीटर आगे संदीप की बाइक लावारिस हालत में पड़ी मिली और मौके पर खून भी पड़ा मिला। यहां पहुंचने के बाद संदीप का पुन: फोन आया कि कुछ बदमाश उसे कार की डिग्गी में डालकर ले जा रहे हैं। इस सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वायड मौके पर पहुंचे। पुलिस ने संदीप के भाई राहुल व उसके परिवार के लोगों से गहनता से बात की, तो पुलिस को मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ। बाद में पुलिस ने संदीप को हाईवे पर एक डीसीएम ट्रक में बैठकर जाते हुए सकुशल बरामद कर लिया। संदीप की बरामदगी के बाद पुलिस ने उससे गहनता से पूछताछ की, तो संदीप ने बताया कि उसकी पत्नी उस पर शक करती है, जिस कारण उसका अपनी पत्नी से काफी दिनों से मनमुटाव चल रहा है और उसने अपनी पत्नी से पीछा छुड़ाने के लिए स्वयं के अपहरण की झूठी घटना को अंजाम दिया। वह अपने दोस्त के पास हरिद्वार जा रहा था और वहीं पर छिपकर नौकरी करने की उसकी योजना थी। पुलिस ने संदीप के खिलाफ साजिश के तहत अपहरण की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने का मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है।