सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते एसएसपी।
- फोटो : अमर उजाला
डीएम डीके सिंह और एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि जिले में विधानसभा चुनाव पर देश-विदेश के मीडिया की नजर थी। जनता के सहयोग से चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। एक भी गांव से बूथ कब्जाने या किसी दूसरे के वोट डालने की शिकायत नहीं आई। ईवीएम को त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है।
नवीन मंडी के गेस्ट हाउस में पत्रकारों से वार्ता में डीएम डीके सिंह ने कहा कि जिले में बीते विधानसभा चुनाव की अपेक्षा लगभग ढाई लाख अधिक मत पड़े हैं। यह जनता की जागरूकता का सबसे बड़ा उदाहरण है। हमारा जिला उन जिलों में भी शामिल हो गया है, जिनमें पुरुषों से अधिक महिलाओं ने वोट डाला है। अपने माता-पिता को जागरूक करने वाले छात्र, शिक्षक और नुक्कड़ नाटक करने वाली टीम इसके लिए बधाई की पात्र है। जिले में निष्पक्ष चुनाव को लेकर देश-विदेश की मीडिया की नजर थी।
कहीं से किसी प्रकार की गड़बड़ी की कोई शिकायत नहीं आई। जो असामाजिक तत्व मन में खुराफात पाले हुए थे, उन्हें कुछ भी करने का अवसर नहीं दिया गया। जिले के लोगों ने सांप्रदायिक सद्भाव का परिचय दिया है। उन्होंने बताया कि सभी लोगों के असलाह 11 मार्च के बाद आठ दिन के अंदर वापस कर दिए जाएंगे।
एसएसपी बबलू कुमार ने कहा कि ईवीएम की त्रिस्तरीय सुरक्षा की गई है। एएसपी मणिलाल पाटीदार को सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पुलिस के साथ पैरामिलिट्री फोर्स को जिम्मेदारी दी गई है। एक मजिस्ट्रेट पुलिस अधिकारी के साथ यहां तैनात रहेगा। पत्रकार वार्ता में एडीएम वित्त सुनील सिंह, एएसपी मणिलाल पाटीदार, सीओ तेजवीर सिंह आदि मौजूद रहे।