सूदखोर ने कॉल रिसीव न करने पर युवक का सिर फोड़ा
मुजफ्फरनगर। सूदखोर ने शहर के सराफा बाजार निवासी कढ़ी-चावल विक्रेता का सिर महज इसलिए फोड़ दिया, क्योंकि वह उसका कॉल रिसीव नहीं कर पाया था। पुलिस ने घायल का उपचार कराते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के सराफा बाजार निवासी संजीव कढ़ी-चावल बेचता है। कुछ समय पूर्व जरूरत पड़ने पर संजीव ने एक सूदखोर से कुछ रुपये ब्याज पर लिए थे। कुछ समय पूर्व कोरोना कर्फ्यू के समय पीड़ित सूदखोर को रुपये नहीं लौटा पाया, तो आरोपी ने उस पर डेढ़ सौ रुपये रोजाना की दर से महज ब्याज की किस्त ठोक दी। रविवार दोपहर सूदखोर ने डेढ़ सौ रुपये वसूलने के लिए संजीव को कॉल किया, लेकिन व्यस्त होने के कारण वह उसकी कॉल रिसीव नहीं कर पाया। आरोप है कि इससे क्षुब्ध होकर सूदखोर उसके घर जा पहुंचा और जमकर मारपीट करते हुए किसी नुकीली वस्तु से युवक के सिर पर प्रहार कर उसका सिर फोड़ दिया। इसके बाद लहूलुहान युवक को छोड़कर आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित ने थाने पहुंचकर घटना की तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने घायल का उपचार कराते हुए आरोपी सूदखोर को हिरासत में ले लिया है।