खतौली में नेशनल हाईवे पर घने कोहरे की वजह से खड़े तेल के टैंकर में रोड़ी से भरे ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर लगने से टैंकर के क्लीनर की मौत हो गई। जबकि चालक सहित दो गंभीर रूप से घायल हो गए। चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जिला सहारनपुर के हरिनगर नवादा रोड निवासी चालक उदय सिंह पुत्र कालूराम अपने क्लीनर सहारनपुर के थाना सदर निवासी ब्रजमोहन (40) पुत्र किशनलाल और एक अन्य युवक सहारनपुर के अंकित बिहार निवासी अनिल कुमार पुत्र शिवकुमार को साथ लेकर शुक्रवार की अल सुबह सहारनपुर से अपने टैंकर में तेल भरकर मेरठ जा रहा था। सुबह के करीब सात बजे हाईवे पर भंगेला पुलिस चौकी से आगे टैंकर इंजन में खराबी होने से बंद हो गया।
चालक और क्लीनर सहित तीनों इंजन को ठीक करने में लगे हुए थे। इसी दौरान मुजफ्फरनगर की ओर से आ रहे रोड़ी से भरे ट्रक ने टैंकर के अगले हिस्से में टक्कर मार दी। इससे क्लीनर ब्रजमोहन की मौत हो गई और चालक उदय सिंह और अनिल कुमार गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने घायलों को मेरठ अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।