सांप की सूचना पर 1.40 मिनट रुकी रही ट्रेन
मंसूरपुर (मुजफ्फरनगर)। हरिद्वार से चलकर वलसाड़ जाने वाली वलसाड़ एक्सप्रेस ट्रेन बुधवार रात एसी कोच में सांप होने की सूचना पर एक घंटा 40 मिनट तक मंसूरपुर स्टेशन पर खड़ी रही। मुसाफिरों को नीचे उतारने के बाद कोच की अच्छी तरह तलाशी ली। लेकिन सांप नहीं मिला। ट्रेन को रात 9.40 बजे आगे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस कोच के यात्रियों को दूसरे कोच में सवार किया गया।
हरिद्वार से चलकर वलसाड़ जाने वाली वलसाड एक्सप्रेस रात करीब आठ बजे मंसूरपुर स्टेशन पर पहुंची थी। इससे कुछ देर पहले ही एक यात्री ने ट्रेन में मौजूद आरपीएफ कर्मचारी को एसी कोच संख्या बी-1 में सांप देखने की सूचना दी। आरपीएफ कर्मचारी ने तत्काल कंट्रोल रूम को इससे अवगत कराया, जिसके बाद कंट्रोल रूम के आदेश पर ट्रेन को मंसूरपुर स्टेशन पर रोक लिया गया। स्टेशन मास्टर मंसूरपुर अमर यादव ने बताया कि ट्रेन रुकने के बाद कंट्रोल रूम के निर्देश पर इस कोच के सभी यात्रियों को ट्रेन से नीचे उतारा गया। इसके बाद पूरे कोच की गहनता से तलाशी ली गई, लेेकिन सांप नहीं मिला। सभी यात्रियों को दूसरे कोच में सवार किया गया। इसके बाद ही रात 9.40 बजे ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।