तीसरे दिन भी नहीं निकला सूरज, दिन में भी गलन भरी ठंड
मुजफ्फरनगर। तीन दिन से सूरज के नहीं निकलने से दिन में भी रात सी सर्दी महसूस हो रही हैं। लोग दिन में भी कंपकंपाने को मजबूर हैं। हाड़ कंपा देने वाली सर्दी के चलते आम जनमानस पूरी तरह प्रभावित हो गया है। बाजारों से लेकर यातायात व्यवस्था तक प्रभावित है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.2 और अधिकतम और नीचे गिर कर 12.4 डिग्री सेल्सियस पर आ गया।
दिसंबर के तीसरे सप्ताह की सर्दी ने इस बार जनवरी के पहले सप्ताह की स्थिति पैदा कर दी है। शीललहर के चलते जिले में कड़ाके की ठंड का प्रकोप जारी है। सूरज नहीं निकलने से तीन दिन से पूरा जिला सर्दी और शीतलहर की चपेट में है। अत्यधिक सर्दी को देखते हुए जिला प्रशासन ने 19 दिसंबर तक प्राथमिक से लेकर डिग्री तक सभी शिक्षण संस्थाओं में अवकाश कर रखा है। हालात यह है कि लोग दिन में भी कंपकंपाते नजर आ रहे हैं। आम आदमी के रोजमर्रा के काम भी मुश्किल हो रहे हैं। दिन-रात में ठंड समान हो गई है। ठंड का आलम यह है कि रात में पाला पड़ रहा है। सुबह के समय इतनी अधिक सर्दी है कि लोग देरी से बिस्तर छोड़ रहे हैं। बाजार जो नौ बजे तक खुल जाते थे अब 11 बजे तक ही खुल पा रहे हैं। बाजारों में लोग 12 बजे के बाद ही दिखाई दे रहे हैं। सुबह और शाम में बाजारों की रौनक गायब हो गई है। केवल गर्म कपड़ों की बिक्री इस समय बाजार में सबसे ज्यादा है। इसके साथ मेवा और मूंगफली आदि की बिक्री है। यातायात व्यवस्था भी ठंड से प्रभावित हो गई है। सुबह के समय रोडवेज के फेरे घट गए हैं। अपने घरों में लोग बच्चों और बुजुर्गो को गर्म कपड़ों से बाहर नहीं निकाल रहे हैं।
तीन दिन से अधिकतम तापमान भी लुढ़का
मुजफ्फरनगर। जिले में शीतलहर और ठंड के चलते दिन के तापमान भी लुढ़ककर न्यूनतम तापमान के नजदीक पहुंच गया है। 16 दिसंबर को अधिकतम तापमान 12.4 डिग्री और न्यूनतम 9.2 डिग्री पर रहा। 17 दिसंबर को अधिकतम 12.6 और न्यूनतम 8.6 डिग्री पर पहुंच गया। 18 दिसंबर को अधिकतम 12.4 और न्यूनतम 7.2 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। यानि तीनों दिनों में दिन-रात के तापमान का अंतर भी खत्म हो गया। इससे पहले अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा था।
ठंड से बीमार पड़ रहे लोग
(फोटो समाचार)
मुजफ्फरनगर। बीते तीन दिन से हो रही हाड़ कंपा देने वाली सर्दी की चपेट में आकर लोग बीमार हो रहे हैं। जिला चिकित्सालय और निजी हॉस्पिटल में भीड़ लगी है। खासकर बच्चों के चिकित्सकों के यहां सबसे ज्यादा भीड़ है। जिला अस्पताल में महिलाएं अपने बच्चों के साथ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ अरविंद के यहां लाइन में खड़ी दिखाई दीं। दवा लेने को भी अस्पताल में मारामारी दिखाई दी। सीएमओ डॉ पीएस मिश्रा ने बताय कि ठंड को देखते हुए जिले के सभी अस्पतालों में हीटर की व्यवस्था की गई है। इसी के साथ ठंड लगने के बाद उपचार में आने वाली दवाईयां भरपूर मात्रा में उपलब्ध है। उन्होंने जनता से अपील की है कि ठंड को देखते हुए बच्चों को गर्म कपड़ों में ही रखें। उन्हेें ठंड में बाहर न घूमने दें। इस समय बच्चों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
ठंड से बचाव में बच्चों को ऊनी कपडें लेपटकर स्कूटी से जाती महिला ।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ठंड से बचाव में सिर पर ऊनी टोपी पहनकर शिव चौक सें गंतव्य को जाती युवती।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ठंड से बचाव में सिर पर ऊनी टोपी रखकर गंतव्य को जाती स्कूटी सवार।- फोटो : MUZAFFARNAGAR
ठंड से बचाव में गले में ऊनी कपडे डालकर गंतव्य को जाती युवती।- फोटो : MUZAFFARNAGAR