मुजफ्फरनगर। स्पिक मैके की ओर से जानसठ रोड स्थित दि एसडी पब्लिक स्कूल और सर्कुलर रोड स्थित एमजी पब्लिक स्कूल में कथक नृत्य कार्यक्रम का आयोजन हुआ। कलाकार विशाल कृष्णा ने भगवान श्री कृष्ण की कथाओं को नृत्य के माध्यम से मंच पर साकार किया। उन्होंने सूरदास पद पर आधारित भावपूर्ण प्रस्तुति दी।
शुक्रवार को दोनों विद्यालय तालियों की गूंज से भर उठे। कार्यक्रम की शुरुआत शिव आराधना से हुई। इसके बाद तीन ताल, श्रृंगार रस, श्रीकृष्ण बाल कथा, माखन चोरी और सूरदास पद पर आधारित गज उद्धार की कथा पर प्रस्तुति ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। उस्ताद शोएब हसन ने गायन, उदय शंकर मिश्रा ने तबला और उस्ताद गुलाम वारिस ने सारंगी संगत दी। संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. आरएम तिवारी ने बताया कि 1991 में वाराणसी में जन्मे कथक कलाकार आचार्य सुखदेव महाराज के कुल से ताल्लुक रखते हैं। वह पद्मश्री पंडित गोपी कृष्ण के भतीजे और कथक गुरु पंडित मोहन कृष्ण के पुत्र हैं। महज तीन वर्ष की आयु में उन्होंने अपनी दादी कथक साम्राज्ञी सितारा देवी से नृत्य प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया था।
प्रधानाचार्या मोनिका गर्ग ने सभी कलाकारों को स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया। संचालन नीति शर्मा ने किया। कार्यक्रम में मृदुला मित्तल, नीति मित्तल, भावना सिंघल, मीनू कुमार, सुनीता शर्मा, संगीता मोहन, देवेश त्यागी और अलका त्यागी मौजूद रहीं।