ठगी के आरोपी पूर्व डीपीएम के किए बयान दर्ज
मुजफ्फरनगर। नगरपालिका में करोड़ों का ठेका दिलाने के नाम पर ठेकेदार से सात लाख रुपये की ठगी करने के आरोपी पूर्व जिला कार्यक्रम प्रबंधक सरदार बलजीत सिंह के शहर कोतवाली पुलिस ने सोमवार को बयान दर्ज किए। पुलिस ने आरोपी के 50-50 हजार रुपये के दो मुचलके भरवाकर उसे शहर नहीं छोड़ने के भी निर्देश दिए हैं।
जनपद खीरी के गांव पनरिया फार्म निवासी सरदार बलजीत सिंह नगर पालिका में स्वच्छ भारत मिशन के जिला कार्यक्रम प्रबंधक पद पर कार्यरत थे। शहर के साकेत कॉलोनी निवासी ठेकेदार लवी त्यागी ने सरदार बलजीत सिंह व उसके साथी पर नगरपालिका में सात करोड़ का ठेका दिलाने के नाम पर सात लाख रुपये ठगने का आरोप लगाते हुए शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद सरदार बलजीत सिंह फरार हो गया था। इस पर पुलिस ने उसके घर पर कुर्की नोटिस चस्पा कर दिए थे। इसके चलते बलजीत सिंह ने हाईकोर्ट से गिरफ्तारी पर स्टे ले लिया था, जिसके बाद स्थानीय कोर्ट ने भी उसे अंतरिम जमानत दे दी थी। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि ठेकेदार से सात लाख रुपये की ठगी के मामले में सोमवार को सरदार बलजीत सिंह को थाने बुलाकर उसके बयान दर्ज किए गए हैं। आरोपी को 50-50 हजार रुपये के दो मुचलको से पाबंद करते हुए बिना सूचना दिए शहर न छोड़ने के भी निर्देश दिए गए हैं।