संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। रक्षाबंधन पर तिलक ब्रिज से मुजफ्फरनगर तक चलाई गई स्पेशल ट्रेन पहले दिन ही एक घंटा 50 मिनट की देरी से पहुंची। रेलवे स्टेशन पर पहुंची बहनों ने ट्रेन के नहीं पहुंचने के कारण रोडवेज और दूसरे वाहनों में सफर किया। ट्रेन के अधिकतर डिब्बे खाली ही नजर आए। 12 डिब्बों की स्पेशल ट्रेन के लिए 150 टिकट ही बिके।
रेलवे स्टेशन प्रभारी पवन चौधरी ने बताया कि रेल मंत्रालय ने रक्षाबंधन पर महिलाओं की यात्रा सुगम करने के लिए दिल्ली के तिलक ब्रिज से मुजफ्फरनगर तक बृहस्पतिवार से स्पेशल ट्रेन का संचालन शुरू किया है।
यह ट्रेन तिलक ब्रिज से सुबह पौने दस बजे चलकर मुजफ्फरनगर रेलवे स्टेशन पर दोपहर में एक बजे पहुंचेगी। इसके पांच मिनट बाद वापस रवाना होगी।
उधर, बृहस्पतिवार को पहले दिन ट्रेन दोपहर में दो बजकर पचास मिनट पर पहुंची। रक्षाबंधन स्पेशल ट्रेन में यात्रा की चाह लेकर पहुंची बहनें इंतजार कर दूसरे साधनों से मंजिल के लिए रवाना हो गई। पहले दिन एक घंटा 50 मिनट की देरी से आई ट्रेन को बीस मिनट बाद वापस रवाना किया गया।
इनसेट
रोडवेज बसों में आठ हजार महिलाओं ने की यात्रा
रक्षा बंधन पर बसों में भीड़ बढ़नी शुरू हो गई है। प्रदेश सरकार ने महिलाओं के लिए तीन दिन मुफ्त में यात्रा करने की सुविधा दी है। योजना के पहले दिन रोडवेज बस अड्डे पर महिलाओं की भीड़ बसों में देखने को मिली। परिवहन निगम के एआरएम प्रभात कुमार सिन्हा ने बताया कि लगभग आठ हजार महिलाओं ने मुफ्त यात्रा की है।
क्या बोली बहनें
प्रेमपुरी से मेरठ जाने के लिए रेलवे स्टेशन पर पहुंची शारदा शर्मा ने कहा कि ट्रेन का इंतजार करने के बाद बस से सफर किया। त्योहार पर चलाई गई ट्रेन का संचालन नियमित समय पर किया जाना चाहिए।
चरथावल की प्रियंका ने कहा कि ट्रेन के देरी से आने के कारण सफर नहीं कर सकी। रोडवेज में सफर करना पड़ा।