मुजफ्फरनगर। सावन माह के दूसरे सोमवार को जिलेभर के शिवालयों में श्रद्धालु जलाभिषेक करेंगे। त्रयोदशी का शुभ मुहूर्त होने के कारण भक्तों में विशेष उत्साह है। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
जिले के सभी प्रमुख शिवालयों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। संभलहेड़ा पंचमुखी मंदिर और शिव चौक पर विशेष रूप से पुलिस बल तैनात किया गया है। चरथावल देवी मंदिर के आचार्य पंडित सुशील शर्मा ने बताया कि सोमवार सुबह आठ बजे से मंगलवार तड़के चार बजकर 54 मिनट तक त्रयोदशी रहेगी।
शाहपुर कस्बे में स्थित सिद्ध पीठ मां गोकुला देवी मंदिर के पंडित श्याम सुंदर शर्मा ने कहा कि शुभ मुहूर्तों में शिव भक्तों के लिए जलाभिषेक करना मंगलकारी माना जा रहा है।
-
शिवालयों के आस-पास कांवड़ियों का डेरा
शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए कांवड़ियों ने डेरा डाल लिया है। पैदल शिवभक्त अपने-अपने क्षेत्र के शिवालयों में पहुंच गए हैं।त्रयोदशी से ही जलाभिषेक शुरू हो जाएगा।
-
यह जिले के प्रमुख शिवालय
संभलहेड़ा का पंचमुखी शिव मंदिर, शिव चौक मुजफ्फरनगर, सांझक का शिव पार्वती शिव मंदिर, भैरव मंदिर (एकादश शिवलिंग) अंसारी रोड, पलड़ा में एकांतेश्वर शिव मंदिर, गोयला में सिद्धपीठ बारहवाला शिव मंदिर, चरथावल में शिव मंदिर, सिखेड़ा क्षेत्र के गांव भंडूर का शिव मंदिर समेत अन्य शिवालय प्रमुख हैं।