ठगी प्रकरण में दोनों पक्षों के दर्ज किए गए बयान
मुजफ्फरनगर। स्वच्छ भारत मिशन के तहत टेंडर दिलाने के नाम पर सात लाख रुपये की ठगी के मामले में सिटी मजिस्ट्रेट ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए। ऑडियो रिकार्डिंग पैन ड्राइव में उपलब्ध कराने के लिए दो दिन का समय दिया गया है।
नगर पालिका के ठेकेदार लवी त्यागी ने स्वच्छ भारत मिशन के जिला प्रबंधक सरदार बलजीत सिंह तथा ठेकेदार नवीन राणा पर सात करोड़ रुपये का टेंडर दिलाने के नाम पर सात लाख रुपये की ठगी का आरोप लगाया था। इस संबंध में शासन एवं प्रशासन के साथ ही पुलिस में भी शिकायत की गई थी। मामले की जांच सिटी मजिस्ट्रेट अतुल कुमार को सौंपी गई है। सिटी मजिस्ट्रेट ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए गए। लवी त्यागी ने मामले से जुड़ी ऑडियो रिकार्डिंग तथा इलेक्ट्रॉनिक बयान दर्ज कराने के लिए तीन दिन का समय मांगा था। इसलिए उन्हें समय दिया गया है।
--
डीपीएम ने दोनों के बीच का बताया प्रकरण
मुजफ्फरनगर। अपने बयान में डीपीएम सरदार बलजीत सिंह ने प्रकरण लवी त्यागी और नवीन राणा के बीच का बताया। उन्हें किसी तरह के वित्तीय अधिकार नहीं हैं। इसलिए वह किसी को फंड ट्रांसफर नहीं कर सकते। यह इन दोनों का आपसी मामला है।
--
नवीन राणा ने लगाया धमकी का आरोप
मुजफ्फरनगर। अपने बयान में नवीन राणा ने कहा कि वह डीपीआर बनाने के लिए अधिकृत हैं। लवी त्यागी ने उनसे डीपीआर बनवाने के लिए संपर्क किया था। वह डीपीआर का दो प्रतिशत चार्ज करते हैं। इसलिए लवी त्यागी ने अपनी सहमति से सात लाख का पेमेंट किया। उन्होंने लवी त्यागी व मांगेराम त्यागी पर धमकी देने का आरोप लगाया है।