तस्कर शादाब उर्फ भीम की संपत्ति होगी सीज
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मोहल्ला हंडिया निवासी शादाब उर्फ भीम नशीले पदार्थों का तस्कर है। आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइंस व शहर कोतवाली में एनडीपीएस एक्ट के साथ ही हत्या, हत्या के प्रयास व बलवे के कई मुकदमे दर्ज हैं। कुछ समय पूर्व उसके खिलाफ शहर कोतवाली पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट लगाई थी।
एसएसपी अभिषेक यादव ने बताया कि जांच के दौरान पता चला कि नशा तस्कर शादाब उर्फ भीम ने अवैध रूप से करीब 85 लाख रुपये कीमत की संपत्ति अर्जित की है। इनमें तीन दुकानें व एक मकान भी शामिल है। उक्त संपत्ति आरोपी ने अपने भाई असलम बेग, अपनी मां शमशीदा बेगम, बहन सोनी बेग व बहन के नाम पर क्रय की हुई है। एसएसपी ने बताया कि उक्त संपत्तियों को चिह्नित करते हुए डीएम सेल्वा कुमारी जे से उसकी संपत्ति कुर्क करने की संस्तुति की गई थी, जिस पर डीएम ने अपनी मुहर लगा दी है। एसएसपी ने बताया कि अब जल्द ही शादाब उर्फ भीम की उक्त संपत्तियों को कुर्क किया जाएगा।