सात साल से फरार इनामी हत्यारोपी दबोचा
मुजफ्फरनगर। हत्या के मामले में सात साल से फरार चल रहे 25 हजार के इनामी हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से तमंचा-कारतूस भी बरामद किए गए हैं। हत्या में शामिल चार अभियुक्तों को पहले ही उम्रकैद की सजा दी जा चुकी है। सभी पांचों हत्यारोपी सगे भाई हैं।
शहर कोतवाली में बृहस्पतिवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए सीओ सिटी कुलदीप सिंह ने बताया कि मोहल्ला किदवईनगर निवासी नजाकत उर्फ छोटा की 13 जनवरी 2014 को गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। युवक के तयेरे भाई शमशाद ने मोहल्ले के ही पांच सगे भाइयों मुजम्मिल, अनीस, पप्पू, अरशद व नौशाद के खिलाफ हत्या की नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने इनमें से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, जबकि नौशाद फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी नौशाद की सात अप्रैल 2014 को कुर्की भी कर ली थी। इसके बाद नौशाद पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया गया था। सीओ ने बताया कि हत्या के मुकदमे में न्यायालय द्वारा अन्य चारों भाइयों मुजम्मिल, अनीस, पप्पू व अरशद को उम्रकैद की सजा दी जा चुकी है। बृहस्पतिवार को नौशाद को भी चेकिंग के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से तमंचा-कारतूस भी बरामद किए गए। आरोपी को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।