डायट के प्राचार्य ने बीएसए का कार्यभार भी संभाला
मुजफ्फरनगर। डायट के प्राचार्य भीम सिंह ने मंगलवार को बीएसए का कार्यभार ग्रहण कर लिया। बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी के बीमार चलने के कारण उन्हें चार्ज दिया गया। इससे पहले डायट के प्रवक्ता मोहम्मद अलताफ को डीआईओएस का कार्यभार दिया गया। डीआईओएस गजेंद्र कुमार भी लंगे समय से बीमार चल रहे हैं। अब दोनो चार्ज डायट के पास हो गए है।
जिले के बीएसए रामसागर पति त्रिपाठी एक माह से अधिक से ऑफिस नहीं आ पा रहे हैं। वह लगातार बीमार चलने के कारण छुट्टी पर हैं। निदेशक बेसिक शिक्षा के निर्देश पर डायट के प्राचार्य भीम सिंह को बीएसए का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। मंगलवार की शाम उन्होंने कार्यभार ग्रहण कर लिया। भीम सिंह जिले के डीआईओएस भी रह चुके हैं। यहां आश्चर्य की बात यह है कि डीआईओएस का कार्यभार डायट के प्रवक्ता मोहम्मद अलताफ को दिया गया है। अलताफ वैसे भीम सिंह से जूनियर है और डीआईओएस का पद बीएसए से सीनियर अफसर को दिया जाता है। डीआईओएस गजेंद्र कुमार भी काफी लंबे समय से बीमार चल रहे हैं।