मुजफ्फरनगर। मीरापुर उपचुनाव की मतगणना के दौरान पुलिस शांति व यातायात व्यवस्था बनाए रखने के मददेनजर अलर्ट रही। डीआईजी ने भी मतगणना स्थल पर पहुंच कर व्यवस्था व त्रिस्तरीय सुरक्षा का जायजा लिया। कहीं भी कोई हंगामा नहीं हुआ। मतगणना स्थल के चारों और मार्ग पर पुलिस ने वाहन आने जाने नहीं दिए। रूट डायवर्जन कर सोलह स्थानों पर बेरियर लगाए गए।
एसएसपी अभिषेक सिंह, एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत, एसपी देहात आदित्य बंसल आदि पुलिस अधिकारियों ने सुबह ही मतगणना स्थल पर डेरा डाल लिया था। एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को सतर्क रहकर डयूटी करने के निर्देश दिए थे। साढ़े दस बजे डीआईजी सहारनपुर अजय साहनी ने पहुंच कर सुरक्षा व व्यवस्था का जायजा लिया।
मतगणना शांतिपूर्वक, निष्पक्ष व सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने मतगणना स्थल के चारों और सुरक्षा के लिए पुख्ता इंतजाम किए थे। सुरक्षा के लिए चार एएसपी, 8 सीओ, 39 इंस्पेक्टर, 114 दरोगा, 193 हेड कांस्टेबिल, 619 कांस्टेबल व 350 होमगार्ड के अलावा दो कम्पनी पैरामिलिट्री व दो कम्पनी पीएसी को लगाया गया था। पुलिस टीम सुबह पांच बजे से अपने प्वाइंटों पर तैनात हो गई थी। एसपी सिटी ने मतगणना स्थल व उसके चारों और पैदल भ्रमण किया। पुलिसकर्मियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के आदेश दिए। मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई। पुलिस ने बिना अनुमति पत्र के किसी को भी मतगणना स्थल पर जाने नहीं दिया।