मुजफ्फरनगर। भाकियू की हुंकार के बाद ट्रैक्टर से लगे जाम में नागरिक बिलबिला उठे। शहर के सभी कोने जाम से कराह उठे। सबसे अधिक प्रभावित महावीर चौक से कचहरी मार्ग रहा। आम यातायात के अलावा फरियादियों को भी निराश लौटना पड़ा। करीब चार घंटे तक शहर की सड़क जाम की गिरफ्त में रहीं। आनन-फानन में आला अफसरों ने यातायात को डायवर्ट कर स्थिति को काबू किया।
एनजीटी के आदेश से खफा भाकियू ने जिले के किसानों के साथ एकत्र होकर कलक्ट्रेट में रणसिंघा बजाया। शहर की सड़कों को किसानों ने अपने पुराने ट्रैक्टरों से पाट दिया। महावीर चौक, प्रकाश चौक, कचहरी रोड पूरी तरह से बंद रहा। यहां से पैदल आने-जाने वाले लोगों को भी रास्ता नहीं मिल सका।
जाम के असर से शहर तड़प उठा। कचहरी में आने वाले फरियादियों, शिकायतकर्ताओं को परेशानियों से जूझना पड़ा। शहरवासियों अपने गंतव्य के जाने के लिए जाम से जूझना पड़ा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को जाम खुलवाने के लिए घंटों मशक्कत करनी पड़ी। वहीं, जाम के कारण मार्ग बाधित होने से रोडवेज तक यात्री नहीं पहुंच सके। इससे डिपो अधिकारियों ने भी काफी मशक्कत की। प्रशासन ने बसों को महावीर चौक से नहीं निकलने दिया। रोडवेज बसों में यात्रियों को बैठाने के लिए महावीर चौक ओवरब्रिज के नीचे पहुंचना पड़ा है। ब्यूरो