संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। तकनीकी खराबी के कारण तीन दिन बंद रही जिला अस्पताल की सीटी स्कैन मशीन मरम्मत के बाद शनिवार को चालू हो गई। सीटी स्कैन न हो पाने के कारण मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। चौथे दिन मशीन चली तो रिकार्ड सीटी स्कैन कर दिये गए।
जिला अस्पताल में पांच वर्ष पूर्व पीपीपी मॉडल पर नि:शुल्क सीटी स्कैन की सुविधा शुरू की गई थी। जिला अस्पताल में प्रतिदिन औसतन 40 से 50 जांच की जाती हैं। बुधवार सुबह अचानक से सीटी स्कैन मशीन खराब हो गई थी, जिस कारण मरीजों को बैरंग लौटना पड़ा।
सीएमएस डॉ. संजय वर्मा ने बताया कि मशीन ठीक होने में तीन दिन लगे। बताया कि इस दौरान वेटिंग भी 100 से ऊपर पहुंच गई थी। शनिवार सुबह मशीन ठीक हुई, जिसके बाद तेजी के साथ सीटी स्कैन किये गए। बताया कि शनिवार को 120 मरीजों का सीटी स्कैन किया गया। यह संख्या एक रिकार्ड है।