लंबी हो रही विदेशों से आने वालों की फेहरिस्त
मुजफ्फरनगर। कोरोना के खौफ के बीच विदेशों से आने वालों की सूची भी लंबी होती जा रही है। ऊपर से सूचना मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग इन लोगों की तलाश में जुट जाता है और इनसे संपर्क कर निगरानी शुरू कर देता है। शनिवार को भी करीब 23 नए लोगों की सूची आई है, जिनसे संपर्क साधने में अधिकारी जुट गए हैं।
विदेश से आने वाले भारतीयों की एयरपोर्ट पर ही जांच हो रही है। मुजफ्फरनगर के काफी लोग दुनिया के विभिन्न देशों में रहते हैं। उनके भारत आते ही एयरपोर्ट से उनकी सूची जिले को भेज दी जाती है। जिले में पहले से ही करीब 61 लोग विदेशों से आए हैं। शनिवार को करीब 23 और लोगों की सूची प्राप्त हुई है। स्वास्थ्य विभाग इन लोगों से संपर्क करने में जुटा है। इनका पता लगते ही 14 दिन तक निगरानी की जाएगी।
प्रभारी मंत्री ने किया आइसोलेशन वार्ड का निरीक्षण
फोटो समाचार
मुजफ्फरनगर। जिले के प्रभारी मंत्री चेतन चौहान ने जिला अस्पताल में बनाए गए कोरोना वायरस वार्ड का निरीक्षण किया। शनिवार शाम मंत्री जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने वार्ड में की गई व्यवस्थाओं का जायजा लिया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कोरोना वायरस को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली। सीएमओ डा. प्रवीण चौपड़ा ने उन्हें बताया कि जरूरी तैयारियां कर ली गईं हैं। वायरस से बचाव ही एकमात्र उपाय है। इसलिए लोगों को सावधानी बरतने के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस दौरान डीएम सेल्वा कुमारी जे, सीएमएस डा. पंकज अग्रवाल भी मौजूद रहे।
इन्होंने कहा...
जिले में कोरोना का कोई केस नहीं है। जो लोग विदेश से लौटे हैं वे सभी निगरानी में हैं। किसी भी व्यक्ति में वायरस का लक्षण नहीं है। लोग वायरस को लेकर सावधानी बरतें। बार-बार हाथ धोते रहें। भीड़भाड़ में जाने से बचें।
- डा. प्रवीण चोपड़ा, सीएमओ।