सुपारी देकर कराई गार्ड की हत्या
मुजफ्फरनगर। गांव सुजड़ू के मोहल्ला कूंगर पट्टी में किरायेदार फैक्टरी गार्ड की उसी के मकान मालिक ने दो युवकों चाहिद उर्फ सुहेल और शाहिद को महज 20 हजार रुपये की सुपारी देकर हत्या करा दी। पुलिस ने स्क्रैप कारोबारी नौशाद सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों सुपारी किलर्स की गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर आठ जून से लापता गार्ड का शव काली नदी से बरामद कर लिया है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह स्क्रैप कारोबारी गार्ड की पत्नी पर बदनीयती रखता था।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव सुजड़ू निवासी इंद्रपाल (45) मोहल्ला कूंगरपट्टी निवासी स्क्रैप कारोबारी नौशाद के मकान में किराये पर रहता था। इंद्रपाल गांव वहलना स्थित मंगलम फैक्टरी में गार्ड की नौकरी करता था। आठ जून को गार्ड फैक्टरी में ड्यूटी खत्म कर घर के लिए निकला, लेकिन पहुंचा नहीं। उसका सुराग नहीं लगने पर उसकी पत्नी ने शहर कोतवाली में दस जून को उसकी गुमशुदगी दर्ज करा दी थी।
इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि शक के आधार पर गांव सुजडू की कूंगरपट्टी निवासी चाहिद उर्फ सुहेल और शाहिद को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में इंद्रपाल की हत्या कर शव काली नदी में फेंकने की बात कही। दोनों की निशानदेही पर काली नदी से इंद्रपाल का क्षत- विक्षत शव भी बरामद कर लिया गया। आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि स्क्रैप कारोबारी नौशाद ने ही उन्हें इंद्रपाल की हत्या करने के लिए 20 हजार रुपये में सुुपारी दी थी। इनमें से दस हजार रुपये एडवांस भी दिए गए थे। रुपये मिलने पर दोनों आरोपी इंद्रपाल को आठ जून को ही शराब पिलाने के बहाने काली नदी पर ले गए। वहां शराब पीने के बाद गले में शॉल डालकर उसकी हत्या कर शव को नदी में ही फेंककर आरोपी फरार हो गए थे। इंस्पेक्टर ने बताया कि इंद्रपाल के बेटे संजय ने स्क्रैप कारोबारी नौशाद व दोनों सुपारी किलर्स चाहिद उर्फ सुहेल व शाहिद के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। वहीं, पुलिस ने शाम को नौशाद को भी गिरफ्तार कर लिया है।