दूसरी शादी के चक्कर में दूल्हा पहुंचा हवालात
मुजफ्फरनगर, पुरकाजी। दूसरी शादी करने के चक्कर में दूल्हा हवालात पहुंच गया। पहली पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने दूल्हे और युवती के पिता को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।
मेरठ के हुमायूं नगर की जाकिर कालोनी निवासी कमरूद्दीन की पुत्री कमरुनिशा का निकाह 26 मार्च वर्ष 2018 में गांव मेहमदपुर माफी कोतवाली रतनपुरी निवासी शाहरुख के साथ हुआ था। निकाह के बाद से ही किसी बात को लेकर पति पत्नी में विवाद चल रहा है।
शुक्रवार को शाहरुख पुरकाजी कस्बे की बाग बस्ती निवासी एक अन्य युवती से निकाह कर रहा था। जिसकी जानकारी मिलने पर कमरुनिशा और उसके परिजन मौके पर पहुंच गए। मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हे, युवती के पिता शबीर को हिरासत में लेकर थाने ले आई। पुलिस ने दोनों का शांतिभंग में चालान कर दिया।