मुजफ्फरनगर। पंचायत के पहले चरण के चुनाव में सोमवार से नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी। शनिवार को डीएम निखिल चंद्र शुक्ला और एसएसपी केबी सिंह ने कलक्ट्रेट में होने वाले जिला पंचायत सदस्यों के नामांकन के लिए एडीएम प्रशासन और सिटी मजिस्ट्रेट कोर्ट का निरीक्षण किया।
डीएम और एसएसपी ने कलक्ट्रेट परिसर का निरीक्षण कर एडीएम और सिटी मजिस्ट्रेट को निर्देश दिए कि कलक्ट्रेट प्रवेश द्वार से लेकर नामांकन कक्ष तक मजबूत बेरिकेडिंग लगवाएं और प्रवेश द्वार के बाहर भी बेरिकेडिंग की व्यवस्था करें, ताकि लोगों को कलक्ट्रेट के बाहर ही रोका जा सके। उन्होंने कहा कि नामांकन के लिए प्रत्याशी और प्रस्तावक को ही अंदर आने दिया जाएगा।
प्रत्याशी अनावश्यक रूप से भीड़ को अपने साथ न लाएं। डीएम ने बताया कि 28 सितंबर को प्रात: 8:00 बजे से प्रत्याशियों के नामांकन करने की प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। एसएसपी ने कहा कि नामांकन प्रक्रिया के चलते कलक्ट्रेट और उसके आसपास भारी तादाद में पुलिस बल तैनात रहेगा।
इस दौरान एडीएम प्रशासन मनोज कुमार सिंह, एडीएम वित्त/राजस्व सुनील कुमार सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजेंद्र सिंह, एसपी सिटी प्रदीप गुप्ता और सहायक निर्वाचन अधिकारी संजीव कुमार मौजूद थे।
गांव में कोई प्रत्याशी शराब नहीं पिलाएगा
मुजफ्फरनगर। पचेंडा कला के ग्रामीणों ने शनिवार को प्रधान धर्मबीर सिंह के आवास पर पंचायत का आयोजन किया। पंचायत में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि कोई भी प्रत्याशी गांव में किसी को भी शराब नहीं पिलाएगा। चुनाव में दूध और हलवे का वितरण कराया जाएगा।
अध्यक्षता महेंद्र सिंह और संचालन नकुल चौधरी ने किया। बैठक में सुरेंद्र वीर सिंह, वेदपाल सिंह, चैनपाल सिंह, मांगेराम पहलवान, सुशील कुमार, बिजेंद्र सिंह, विनोद पहलवान, अशोक सिंह, अमित चौधरी, आस मोहम्मद अंसारी, नीटू पाल, सुभाष चंद आदि मौजूद रहे।