मुजफ्फरनगर। भोपा रोड स्थित पेपर मिल व बुढ़ाना मोड गांव खांजापुर में आग लगने से भारी नुकसान हुआ था। दोनों में मामलों में संस्थान संचालकों ने अभी तक दमकल विभाग को नुकसान के बारे में जानकारी नही दी। दमकल विभाग की तरफ से दोनों संस्थानों को पत्र भेजकर जानकारी देने के लिए कहा गया है।
नई मंडी कोतवाली के भोपा रोड पर 12 मई को सिल्वर टोन पल्स एंड पेपर मिल की वेस्ट सामग्री में आग लग गई थी। जो 27 घंटे बाद बुझाई जा सकी थी। आग बुझाने में मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर व मेरठ की दमकल विभाग टीम ने डेढ़ दर्जन टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया था। उस समय पेपर मिल संचालकों ने 25 से 30 करोड़ का नुकसान होना बताया था।
इसके अलावा दो दिन पहले शहर कोतवाली के बुढ़ाना रोड गांव खांजापुर में लक्ष्मी टूर एंड ट्रेवल्स के गैराज में आग लग गई थी। जिसमें लाखों की कीमत की चार बस जल गई थी।
दमकल विभाग अधिकारी आरके यादव ने बताया कि दोनों संस्थानों के मालिकों को पत्र भेजकर जानकारी मांगी गई है, ताकि विभागीय कार्रवाई को पूरा कर वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया जा सके।