भेड़ाहेड़ी से गांव छोड़ गए परिवारों की घर वापसी
मोरना (मुजफ्फरनगर)। गांव भेड़ाहेड़ी में युवक पर हमले के बाद गांव छोड़ गए कई वाल्मीकि समाज के परिवारों से मिलकर अफसरों ने हमलावरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद पीड़ित परिवार गांव लौट आए।
भोपा थाना क्षेत्र के गांव भेडाहेड़ी में होली पर वाल्मीकि समाज के युवक रोशन पर दूसरे समाज के युवकों ने घर में घुसकर हमला कर दिया था। पीड़ित परिजनों ने घटना की तहरीर दी थी, लेकिन पुलिस ने मारपीट होने से इंकार करते हुए हमलावरों के खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं की थी। इससे आहत वाल्मीकि समाज के परिवार गांव छोड़कर चले गए थे। इसी दौरान युवक पर हमले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिससे पुलिस बैकफुट पर आ गई थी। मामले के तूल पकड़ने के बाद मंगलवार शाम एसपी देहात नेपाल सिंह व सीओ भोपा राममोहन शर्मा गांव छोड़ गए वाल्मीकि समाज के लोगों के पास पहुंचे और युवक पर हमला करने वाले आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने का आश्वासन देकर उन्हें घर वापसी के लिए मनाया। अफसरों द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद पीड़ित परिवार देर रात घर लौट आए। इस दौरान इंस्पेक्टर संजीव कुमार, एसआई लेखराज सिंह टीम के साथ गांव में ही मौजूद रहे।
इन्होंने कहा .......
एसपी देहात नेपाल सिंह का कहना है कि दो पक्षों के बीच मारपीट के बाद एक पक्ष के बीच भय उत्पन्न हो गया था। इस कारण वे घर छोड़कर रिश्तेदारी में चले गए थे। उन्हें समझा-बुझाकर घर भेज दिया गया है। गांव में जल्द ही दोनों पक्षों की वार्ता कराकर मामले का निपटारा कराया जाएगा।