मॉडल के माध्यम से कुरीतियों को किया उजागर
मुजफ्फरनगर। राजकीय इंटर कॉलेज के मैदान में विभिन्न विभागों एवं स्वयं सहायता समूहों ने अपनी विशेष थीम पर स्टॉल लगाकर मिशन शक्ति के तहत प्रदर्शनी में सहभागिता की। केंद्रीय पशुधन राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान, डीएम सेल्वा कुमारी जे ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
प्रदर्शनी में महिला कल्याण विभाग ने विभागीय थीम पर स्टॉल लगाया, महिला कल्याण विभाग के स्टॉल में विभिन्न प्रकार की महिला एवं बाल संबंधी कुरीतियों को समाप्त करने तथा सकारात्मक बदलाव को प्रदर्शित करने के लिए मेपल्स एकेडमी बुढ़ाना की कक्षा-12 की छात्रा ऋचा विश्वकर्मा के बनाए मॉडल को प्रदर्शित किया। बलवंती देवी कन्या इंटर कॉलेज बुढ़ाना की कक्षा-11 की छात्रा परी अग्रवाल ने विभिन्न प्रकार के महिला मुद्दों जैसे बाल विवाह, कन्या भ्रूण हत्या एवं बाल श्रम इत्यादि को प्रदर्शित करने के लिए बनाए गए मॉडल का प्रदर्शन भी किया। डीएवी डिग्री कॉलेज बुढ़ाना की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अजमा ने केंद्र सरकार के महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के द्वारा महिलाओं को एक ही छत के नीचे विभिन्न प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध कराने को जनपद में संचालित वन स्टॉप सेंटर का मॉडल बनाकर स्टॉल पर प्रदर्शित किया। अजमा के द्वारा महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न प्रकार के इमरजेंसी टोल फ्री नंबर जैसे 181 महिला हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1090 वूमेन पावर लाइन, 112 आपातकालीन पुलिस हेल्पलाइन को एक वृक्ष बनाकर प्रदर्शित किया।
कस्तूरबा की शिक्षिका राखी के द्वारा महिला के विभिन्न रूपों को मिट्टी से बनाई गई विभिन्न आकृतियों के द्वारा प्रदर्शित किया गया। एक आकृति में महिला के भूतकाल, वर्तमान एवं भविष्य की महत्ता को दर्शाया गया। राखी ने वन स्टॉप सेंटर के मॉडल में केंद्र द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सेवाओं एवं वृक्ष के द्वारा विभिन्न हेल्पलाइन नंबर को प्रदर्शित किया। इससे पहले, केंद्रीय पशुधन राज्य मंत्री डॉ संजीव बालियान, विधायक उमेश मलिक, डीएम सेल्वा कुमारी जे एवं सीडीओ आलोक यादव ने प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। सभी ने स्टॉल पर पहुंचकर उसके बारे में जानकारी ली। महिला कल्याण विभाग के स्टॉल पर जिला प्रोबेशन अधिकारी मोहम्मद मुशफेकीन, निदेशक चाइल्डलाइन पूनम शर्मा, संरक्षण अधिकारी नीना त्यागी, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी हेमलता, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ राजीव कुमार एवं शाहवेज, रेनू सिंह, बिलकीश जहां, पूजा देवी, सचिन कुमार, सुषमा, सुविधा साहू, अमित कुमार, आरिफ, संजय यादव, नाथीराम, अजय कुमार, सुरजीत, शिवम, पूरनमल, रजनी, अंजना, पारुल एवं चाइल्डलाइन स्टाफ राखी, नितिन त्यागी इत्यादि उपस्थित रहे।