मुजफ्फरनगर। मुख्यमंत्री युवा स्वराज रोजगार योजना में जनपद ने लक्ष्य हासिल कर लिया है। योजना के तहत युवाओं को 25 लाख रुपये तक का लोन दिलाया जाता है। शासन की ओर से मिले लक्ष्य 3.43 करोड़ रुपये के लोन वितरण के सापेक्ष जनपद के युवाओं को 3.82 करोड़ रुपये का लोन आवंटित किया गया है।
युवाओं को स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित करने के लिए 2018 में मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना प्रारंभ की गई थी। योजना का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को वित्तीय सहायता और अन्य सहयोग प्रदान करना है। राज्य सरकार की ओर से योजना के तहत पात्र आवेदकों को अपना व्यवसाय प्रारंभ करने के लिए 25 लाख रुपये तक का ऋण छह प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाता है।
इस धनराशि का उपयोग प्लांट एवं मशीनरी, कच्चे माल के क्रय, कार्यशील पूंजी और अन्य संबंधित व्ययों के लिए किया जा सकता है। योजना के तहत वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जनपद को 3.43 करोड़ रुपये के लोन वितरण का लक्ष्य मिला था।
इसके सापेक्ष करीब 8.94 करोड़ से अधिक के लोन के लिए आवेदन किया गया। जबकि पांच करोड़ से अधिक का लोन स्वीकृत किया गया। इनमें से बैंकों की ओर से 3.82 करोड़ का लोन आवंटित किया जा चुका है। सहायक आयुक्त उद्योग आशीष कुमार का कहना है कि जनपद ने योजना के तहत आवंटित लक्ष्य पूर्ण कर लिया है।