संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। एमडीए की आज होने वाली बोर्ड बैठक में 176 करोड़ की हुई आय में से आगामी वित्तीय वर्ष के दौरान 92 करोड़ के खर्च का प्रस्ताव रखा जाएगा। इसके अलावा परिचालन विधि से स्वीकृत हुई महायोजना-2031 की पुष्टी सहित 17 महत्वपूर्ण प्रस्ताव बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किए जाएंगे।
शहर के सुनियोजित विकास को गति देने के उद्देश्य मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की ओर से तैयार किये गए प्रस्ताव पर बोर्ड की स्वीकृति के लिए आज चार बजे बैठक बुलाई गई है। एमडीए बोर्ड अध्यक्ष मंडलायुक्त सहारनपुर मंडल की अध्यक्षता में सायं चार बजे बैठक का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए बोर्ड सदस्यों को 17 प्रस्ताव वाला एजेंडा पहले ही जारी किया जा चुका है।
इन महत्वपूर्ण प्रस्ताव पर बोर्ड को लेना है निर्णय
आज होने वाली बोर्ड बैठक में 18 दिसंबर को आयोजित बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि के अलावा बेसमेंट के अंतर्गत शौचालय निर्माण के लिए शासन से आए दिशा निर्देशों को अंगीकार करने का प्रस्ताव भी शामिल है। बैठक में शासन की ओर से 27 फरवरी को स्वीकृति प्रदान किए जाने के बाद परिचालन विधि से अनुमोदित की गई महायोजना 2031 की भी पुष्टि होनी है।
n खतौली और बुढ़ाना की महायोजना बनाने का प्रस्ताव : बोर्ड बैठक में खतौली और बुढ़ाना की महायोजना बनाने का प्रस्ताव भी रखा जा रहा है। अमृत 2.0 में चयनित दोनों कस्बों की महायोजना ग्राम्य नियोजन विभाग से तैयार कराई जाएगी, जिसको लेकर प्रस्ताव बैठक में रखा जाएगा।