सैनिक की मौत के बाद गमजदा परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
मंसूरपुर क्षेत्र के गांव निवासी सैनिक की तेलंगाना प्रदेश के आलेर रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पुलिस ने लावारिस हालत में शव का अंतिम संस्कार कर दिया। सैनिक की तलाश करने पहुंचे परिजनों ने पुलिस से पूछताछ की तो मामले की जानकारी हुई।
मिल मंसूरपुर निवासी कुलदीप (30) पुत्र स्वर्गीय महेंद्र आठ साल पूर्व तट रक्षक बल में भर्ती हुआ था। फिलहाल उसकी तैनाती आंध्रप्रदेश के कृष्णापट्टम में थी। 20 अगस्त को वह छुट्टी लेकर घर आने के लिए चला था। 21 अगस्त को उसने किसी व्यक्ति के मोबाइल से घर फोन किया था।
उसने बताया था कि वह तेलंगाना के आलेर रेलवे स्टेशन से बोल रहा है, ट्रेन में किसी ने उसका बैग चोरी कर लिया है। उसी बैग में उसका मोबाइल फोन भी था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों को चिंता हुई तो वे उसे ढूंढते हुए आलेर रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। वहां पहुंचने पर पुलिस ने परिजनों को बताया कि कुलदीप का शव लावारिस हालत में रेलवे स्टेशन पर पड़ा मिला था। जिसका अंतिम संस्कार भी पुलिस ने करा दिया था।