मीरापुर के मोहल्ला मुश्तर्क के एक मकान में बिजली के मीटर से निकले तार से फैले करंट की चपेट में आने से दो वर्षीया मासूम बालिका की मौत हो गई। बच्ची को बचाने के प्रयास में एक महिला और दो अन्य बच्चे भी करंट लगने से झुलस गए। घायलों को स्थानीय चिकित्सक से उपचार दिलाया गया। परिजनों ने बिना किसी पुलिस कार्यवाही के मासूम बच्ची के शव को दफना दिया।
मोहल्ला मुश्तर्क निवासी जाहिद पुत्र अय्यूब के मकान के बाहर लगे बिजली मीटर से निकले केबल का एक तार किसी कारणवश मकान के मुख्य लोहे के दरवाजे से टच हो गया। जाहिद की दो वर्षीया बेटी जोया खेलती हुई मुख्य गेट से टच हो गई। गेट में आए करंट की चपेट में आने से बच्ची की मौके पर ही मौत हो गयी।
बच्ची को गुमसुम देख उसकी दो बहने अंजुम व मिस्बाह और ताई जैबुन्नीशा बच्ची को बचाने के प्रयास में आई तो उन्हें भी करंट ने अपनी चपेट मे ले लिया। किसी तरह ये तीनों अपनी जान बचा पाई, लेकिन मासूम जोया नहीं बच सकी। दुर्घटना की जानकारी मिलने पर मोहल्ले के सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गये। परिजनों ने पुलिस को सूचना नहीं दी है।