- धनतेरस पर्व पर महिला के बैग से सोने के दो कंगन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा
- बिजनौर जनपद के कस्बा नूरपुर के मोहल्ला रामनगर निवासी है पकड़ा गया आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने धनतेरस पर्व पर महिला के बैग से सोने के दो कंगन चोरी करने वाले गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। उससे एक कंगन व घटना में प्रयुक्त कार बरामद की है। दूसरे कंगन व गिरोह की तीन महिला सदस्यों की तलाश की जा रही है।
मंगलवार दोपहर में पुलिस लाइन में एसपी सिटी सत्य नारायण प्रजापत ने जानकारी दी कि धनतेरस के दिन 10 नवंबर को भगत सिंह रोड पर शहर की चौधरी चरण सिंह काॅलोनी निवासी शालू पत्नी राजुल के बैग से दो कंगन चोरी कर लिए गए थे। शहर कोतवाली पुुलिस ने एक लग्जरी कार का नंबर के आधार पर सुराग लगाना शुरू किया था। पता चला था कि इसी कार में संदिग्ध महिलाएं बैठ कर गई थीं। संभवत: उन्होंने ही कंगन चोरी किए थे। मंगलवार को एक सूचना के आधार पर शहर कोतवाली पुलिस ने शामली की तरफ से आर रही वेन्यू कार रोकी तो उसमें बिजनौर जनपद के कस्बा नूरपुर के मोहल्ला रामनगर निवासी गोविंद मौजूद मिला।
तलाशी में उसके पास से शालू का चोरी हुआ एक कंगन बरामद हुआ। कोतवाली लाकर पूछताछ में गोविंद ने बताया कि दूसरा कंगन उसकी भाभी के पास है। भाभी व उसके कुनबे की दो अन्य महिलाओं ने कंगन चोरी किए थे। आरोपी का चालान कर दिया है। फरार महिलाओं की तलाश की जा रही है।
राजस्थान निवासी है गिरोह
एसपी सिटी ने जानकारी दी कि मूल रूप से यह घुमंतू बावरिया गिरोह राजस्थान निवासी है। नूरपुर में अलग-अलग मोहल्लों में रहते हैं। गिरोह के खिलाफ संभल, उत्तराखंड, मुरादाबाद में भी मुकदमे दर्ज हैं। मुजफ्फरनगर में यह पहली घटना है। यह गिरोह भीड़ में घुसकर घटना करता है। पहले घूम कर रैकी की जाती है। शिकार को चिह्नित कर उसे किसी न किसी तरह से भटका कर घटना करते हैं। गोविंद शहर में चल रही नुमाइश में भीड़ देखने व कंगन को बेचने के लिए आया था। यह गिरोह कार में आता था और कार को कहीं बाहर खड़ी करते थे।