मुजफ्फरनगर: पुरकाजी क्षेत्र में गोशाला का स्थलीय निरीक्षण करते केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुजफ्फरनगर में पुरकाजी खादर के चंदन गांव में सोलानी नदी के किनारे देश की सबसे बड़ी आधुनिक गौशाला बनाए जाने की तैयारी है। 71 हेक्टेयर जमीन में बनने वाली इस गोशाला के बनने में 70 करोड़ रुपये खर्च होंगे। गोशाला में पशुओं का आधुनिक शवदाह गृह, बायो गैस प्लांट, चारा एकत्र करने का भंडार ग्रह भी बनेगा। इस गोशाला में एक साथ पांच हजार पशु रखे जा सकेंगे। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने दिल्ली से आए पशुपालन विभाग के अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण किया।
जिला प्रशासन ने इसके लिए 71 हेक्टेयर जमीन चिह्नित की है। इस जमीन को पशुपालन विभाग को देने का प्रस्ताव भी जिला प्रशासन ने कर दिया है। रविवार को केंद्रीय पशुपालन राज्य मंत्री डॉ. संजीव बालियान, विभाग के मंत्रालय के अधिकारियों के साथ गांव चंदन पहुंचे। एडीएम प्रशासन नरेंद्र बहादुर सिंह एवं एसडीएम सदर परमानंद झा ने बालियान को जगह दिखाई। बालियान ने बताया कि आवारा पशुओं की समस्या हर गांव में खड़ी हो गई है, इससे निपटने का रास्ता बड़ी गोशाला का निर्माण ही है। चंदन गांव में बनने वाली गौशाला में पांच हजार पशु एक साथ रह सकेंगे।
बताया कि दस हेक्टेयर में पशुओं के रहने के लिए टीनशेड का निर्माण किया जाएगा। पशुओं के भोजन के लिए बड़े स्टोर बनेंगे। पानी के लिए बड़ा टैंक बनाया जाएगा। जिले का पहला आधुनिक पशु शव दाह गृह भी बनाया जाएगा। पशुओं का अंतिम संस्कार इलेक्ट्रिक मशीन के माध्यम से होगा। पशुओं के गोबर के उपयोग के लिए बायोगैस प्लांट भी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया 71 हेक्टेयर जमीन गोशाला के पास होगी, जिसमें चारा आदि का उत्पादन होगा। यह देश का पहला पायलट प्रोजेक्ट होगा।
यह भी पढ़ें: Meerut: तुनिषा आत्महत्या मामले में आरोपी शीजान का मेरठ से खास नाता, दो बहनों ने टेलिविजन पर कमाया है नाम