सहारनपुर। नगर निगम श्मशान घाटों के विकास और अन्य कार्यों पर 72.85 करोड़ रुपये खर्च करेगा। शनिवार को नगर निगम के शाकंभरी सभागार में हुई 15वें वित्त आयोग एवं नगरीय अवस्थापना विकास निधि की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
महापौर डॉ. अजय कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में अवस्थना निधि से करीब 4.5 करोड़ रुपये तथा 15वें वित्त आयोग बुनियादी अनुदान (अनटाइड ग्रांट) के तहत करीब 36.20 करोड़ और 15वें वित्त आयोग निर्दिष्ट अनुदान (टाइड ग्रांट) के तहत करीब 32.09 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को स्वीकृति दी गई। 15वें वित्त आयोग बुनियादी अनुदान (अनटाइड ग्रांट) के अंतर्गत करीब 2.5 करोड़ रुपये शिवपुरी श्मशान घाट के जीर्णोद्धार पर खर्च होंगे। वार्ड दो पिंजौरा श्मशान घाट के निर्माण के लिए 42 लाख रुपये, मानकमऊ श्मशानघाट के लिए 66 लाख रुपये व वार्ड 50 के हकीकतनगर में श्मशान घाट वाली सड़क निर्माण के लिए 27 लाख रुपये स्वीकृत किए गए।
वार्ड 46 धोबीघाट के पास पुलिस चौकी से काली मंदिर तक पांवधोई नदी की रिटेनिंग वाल एवं नदी को कूड़े से बचाने के लिए जाल लगाने व साइड पटरी के निर्माण के लिए 65 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा वार्ड 55 में मिशन कंपाउंड में कोर्ट रोड पुल से विशाल मेगा मार्ट होते हुए रेलवे की सड़क तक सीसी सड़क निर्माण के लिए 60 लाख रुपये और कोर्ट रोड पुल से विशाल मेगा मार्ट होते हुए लक्ष्मणपुरी कॉलोनी की सड़क तक दोनों साइड इंटरलॉकिंग टाइल्स के लिए 67 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।