संवाद न्यूज एजेंसी
खतौली। मेला श्रावणी छड़ियान का ठेका छठी बार भी नहीं छूट सका, जिसको लेकर सभासदों ने हंगामा करते हुए रोष व्यक्त किया। ठेकेदारों ने मेला ठेका की बोली नहीं लगाई।
नगर में जीटी रोड स्थित गोगा जाहरवीर म्हाड़ी पर प्रतिवर्ष रक्षाबंधन के बाद मेले का आयोजन होता रहा है। इस बार मेले पर संकट के बादल हैं। पालिका की ओर से पिछले सात वर्ष से मेले का ठेका छोड़ा जाता रहा है। पिछले वर्ष मेले का ठेका 46 लाख 50 हजार रुपये में छोड़ा गया था। इस बार ठेकेदार इससे कम बोली पर ठेका लेने का मन बनाए बैठे हैं। सोमवार को छठी बार ठेका बोली होने वाली थी। इस बार भी मेले का ठेका नहीं छूट सका, जिसको लेकर सभासदों ने हंगामा किया। ईओ ने बताया कि इसका निर्णय चेयरमैन शाहनवाज अली को लेना है। सभासदों को कहना है कि अगर गत वर्ष से ऊपर ठेका बोली नहीं आती है तो पालिका स्वयं मेला लगवाने का कार्य करे। मेले का समय निकलता जा रहा है। हंगामा करने वालों में सभासद असद खान शालू, सद्दाम, कपिल मोतला, कमल वर्मा, अमित चौधरी, विशाल तोमर, अभिषेक, हाजी वसीम, अहतशाम, विनोद शेरवान आदि शामिल थे।